देहरादून, (देवभूमि जनसंवाद न्यूज़) डीएवी पी.जी. कॉलेज में आज वार्षिक महोत्सव के दूसरे दिन का आयोजन अत्यंत धूमधाम, हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर कॉलेज परिसर विविध सांस्कृतिक गतिविधियों से सराबोर रहा, जहाँ छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत, नाटक और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
महोत्सव की विशेष प्रस्तुति रहे श्री विक्की चौहान, सुप्रसिद्ध लोक गायक (हिमाचल प्रदेश), जिन्होंने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से समां बाँध दिया और दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।
इस आयोजन के सफल संयोजक छात्रसंघ अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल एवं महासचिव श्री सुमित कुमार रहे, जिन्होंने समस्त आयोजन को सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली बनाने में विशेष योगदान दिया।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. कौशल कुमार जी ने सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागियों, आयोजकों और दर्शकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और यह महोत्सव भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह वार्षिक महोत्सव विद्यार्थियों के लिए न केवल एक मनोरंजन का अवसर रहा, बल्कि उन्होंने इसके माध्यम से नेतृत्व, समन्वय और सांस्कृतिक मूल्यों को भी आत्मसात किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खजान दास विधायक राजपुर सहित मेयर सौरभ थपलियाल जी भी उपस्थित रहे।



