
डॉ. डी.डी. पंत की जयंती पर यूकेडी ने दी श्रद्धांजलि, वैज्ञानिक एवं शैक्षिक योगदान को किया याद
देहरादून: उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के केन्द्रीय कार्यालय में शुक्रवार को महान वैज्ञानिक, शिक्षाविद् एवं उत्तराखण्ड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वर्गीय डॉ. डी.डी. पंत की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दल के केन्द्रीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. पंत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. डी.डी. पंत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा, विज्ञान और समाज के विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने ज्ञान और शिक्षा के माध्यम से उत्तराखण्ड की नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखण्ड के निर्माण और विकास की मूल भावना में शिक्षा, विज्ञान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण स्थान है तथा डॉ. पंत जैसे महान व्यक्तित्वों के विचार आज भी प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के कार्यकारी अध्यक्ष जय प्रकाश उपाध्याय ने डॉ. डी.डी. पंत के जीवन परिचय और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश के शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सामाजिक विकास तथा उत्तराखण्ड की युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए दल निरंतर संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने डॉ. पंत के विचारों और योगदान को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर दल के वरिष्ठ नेता लताफत हुसैन, केन्द्रीय उपाध्यक्ष बहादुर सिंह रावत, केन्द्रीय महामंत्री गणेश प्रसाद काला, देव चन्द उत्तराखण्डी, प्रताप कुंवर, केन्द्रीय संगठन मंत्री प्रकाश भट्ट, राजेन्द्र प्रधान, विजेन्द्र सिंह रावत, उत्तम सिंह रावत, रेखा शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


