त्योहारों से पहले हलवाई कारोबारियों की अहम बैठक
देहरादून में आगामी नवरात्र और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए हलवाई कारोबारियों की अहम बैठक आयोजित की गई। पटेल नगर स्थित द कनॉपी ग्रीन्स होटल में हुई बैठक में देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और रुद्रपुर के हलवाई व्यापारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में खाद्य पदार्थों की शुद्धता, गुणवत्ता और त्योहारों के दौरान प्रशासनिक कार्रवाई समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।हलवाई समिति देहरादून के अध्यक्ष आनन्द स्वरूप गुप्ता और मंत्री अरविन्द गोयल के नेतृत्व में आयोजित बैठक में फेडरेशन ऑफ स्वीट्स एंड नमकीन मैन्युफैक्चरर्स के राष्ट्रीय पदाधिकारी फ़िरोज़ नक़वी और आफ़ताब हुसैन ज़ैदी भी शामिल हुए।बैठक में सर्वसम्मति से खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही उत्तराखंड के हलवाई व्यापारियों के विशाल सम्मेलन के लिए मुख्यमंत्री से समय मांगे जाने की जानकारी दी गई।व्यापारियों ने त्योहारों के दौरान GST, श्रम विभाग और प्रशासन की कार्रवाई को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने सरकार से अधिकारियों और व्यापारियों के बीच संयुक्त कार्यशाला आयोजित करने की मांग की, ताकि नियमों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।बैठक में पारंपरिक भारतीय मिठाइयों और देसी घी को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। व्यापारियों ने ग्राहकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण मिठाई उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।



