पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण: शिवसेना (शिंदे ) उत्तराखंड ने आयोजित किया विशाल भंडारा, कंबल एवं राशन किया वितरण

देहरादून: (उत्तराखंड) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के सफलता और सेवा से भरे 25 वर्ष (7 अक्टूबर 2001 से 7 अक्टूबर 2026) पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शिवसेना उत्तराखंड द्वारा देवभूमि में भव्य सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। “अंत्योदय से राष्ट्रोदय” के मंत्र को समर्पित इस आयोजन में हजारों साधु-संतों को भंडारे में भोजन कराकर फल वितरित किए गए, साथ ही 551 जरूरतमंद परिवारों को कंबल एवं राशन सामग्री प्रदान की गई।

यह कार्यक्रम शिवसेना के मुख्य नेता एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आदेश तथा राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसूल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।

सेवा और समर्पण की मिसाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सागर रघुवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सेवा काल राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण और संकल्प को दर्शाता है। शिवसेना उत्तराखंड भी जनसेवा, राष्ट्रहित और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों और जरूरतमंदों की सेवा ही सामाजिक जिम्मेदारी है और पार्टी भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी आयोजन करती रहेगी।

शिवसैनिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर शिवसैनिकों ने समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सरीन, प्रदेश महासचिव सुमित चौधरी, प्रदेश प्रचारक शिवम कुमार, महानगर अध्यक्ष मंजीत भट्ट, महानगर सचिव शुभम चौधरी, बंटी राजपूत, रवि प्रकाश, अमित शाह, सौरव तोमर, चंद्रपाल, इंद्रेश गुप्ता और आयुष पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *