
देहरादून, (देवभूमि जनसंवाद न्यूज़) मुनस्यारी प्रधानमंत्री के लोकार्पण के 2 वर्ष बाद भी सुरिंगगाड जल विद्युत परियोजना के शुरू नहीं होने पर क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को तत्काल शुरू नहीं किया गया तो सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री होश में आओ के नारे भी लगाए गए। शास्त्री चौक में जमा हुए त्रिस्तरीय पंचायत के स्थानीय प्रतिनिधियों ने आज सामुहिक नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य ईश्वर सिंह करूंगा ने बताया कि 30 दिसंबर 2021 को आज के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस परियोजना का लोकार्पण किया था। उन्होंने बताया कि 2 वर्ष बीत जाने के बाद भी यह आज तक परियोजना अभी तक शुरू नहीं हो पाई है।
उन्होंने कहा कि लोकार्पण करने से पहले प्रधानमंत्री को धरातलीय हकीकत जानना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि जिम्मेदार विभाग ने अगर प्रधानमंत्री को झूठी सूचना दी है, तो उसे विभाग के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने कहा कि सुरिंगगाड जल विद्युत परियोजना का शुरू हो जाने के बाद आसपास के ग्रामीणों को इस परियोजना से बिजली की आपूर्ति दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार विद्युत कटौती हो रही है। ठंड के दिनों में बिजली नहीं होने से आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह बृजवाल, केदार वर्मा, कैलाश सुमत्याल,ग्राम प्रधान नवीन राम, कृष्णा सिंह सायना, महेश रावत, शंकर सिंह धर्मशक्तू आदि मौजूद रहे।

