
देहरादून: (देवभूमि जनसंवाद न्यूज़) मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में भारतीय उद्योग परिसंघ उत्तराखण्ड के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने वार्ता की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए अनुकुल और बेहतर नीतियां बनाई जाएंगी। देश भर के उद्यमी उत्तराखण्ड में अपनी औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए तैयार हो इसके लिए भी कारगर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में उद्योगों की बड़ी भूमिका है। राज्य में अधिक से अधिक नये उद्योग स्थापित हो और पुराने उद्योगों को भी बेहतर सुविधाएं मिले इसके लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का माहौल उद्योगों के अनुकूल है। यहां शान्त वातावरण, राष्ट्रीय राजधानी से नजदीकी, बेहतर सड़क, रेल एवं हवाई सुविधाएं उपलब्ध हैं। उद्योग और श्रमिकों के आपसी सम्बन्ध बेहतर एवं उद्योगों के अनुकूल है।
उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि प्रदेश में उद्योगों के विकास के साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा आदि के क्षेत्र में सहयोग हेतु उनके जो भी सुझाव हो उसे उपलब्ध कराए, उनके सुझावों पर तत्परता के साथ अमल किया जाएगा।

