संजय चौधरी का दावा— क्षेत्रीय राजनीति को मिलेगा नया विकल्प, UKD ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान

 

संजय चौधरी का दावा— क्षेत्रीय राजनीति को मिलेगा नया विकल्प, UKD ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान

देहरादून: उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के नेता संजय चौधरी ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में क्षेत्रीय मुद्दों को फिर से केंद्र में लाने के उद्देश्य से पार्टी ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को बालावाला में नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया और “UKD Vision 2027” जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।

संजय चौधरी ने कहा कि पार्टी आने वाले समय में हर विधानसभा क्षेत्र में जनसंवाद करेगी। उनका कहना था कि उत्तराखण्ड के लोगों की अपेक्षाओं, सुझावों और समस्याओं के आधार पर ही पार्टी अपनी आगामी रणनीति और विजन तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की पहल है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आम लोगों के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया। चौधरी ने कहा कि उत्तराखण्ड के मूल मुद्दों—रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय संसाधनों—पर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *