Dehradun: दिल्ली के ‘नेपाली गैंग’ का भंडाफोड़, नौकर ने मालिक को नशीला पदार्थ खिलाकर की थी करोड़ों की चोरी, एक अभियुक्त कार और नकदी के साथ गिरफ्तार

देहरादून: देहरादून की थाना बसंत विहार पुलिस ने राज मार्केट (बल्लीवाला चौक) में हुई चर्चित चोरी का खुलासा करते हुए गिरोह के एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया अभियुक्त दिल्ली में टैक्सी चलाने की आड़ में अपने नेपाली मूल के साथियों के साथ मिलकर चोरी और डकैती जैसी आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई नकदी, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई अर्टिका कार बरामद की है।

खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर की थी चोरी

पुलिस के अनुसार, 29/30 अक्टूबर 2026 की रात राज मार्केट बल्लीवाला निवासी महिपाल सिंह के घर में काम करने वाले नौकर भरत थापा (जिसे दिल्ली की एक एजेंसी के माध्यम से रखा गया था) ने अपने साथियों के साथ मिलकर गृहस्वामी व परिजनों के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। परिजनों के बेहोश होते ही आरोपी घर से लाखों की नकदी और जेवरात समेटकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धारा 123 व 305(ए) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से चढ़े पुलिस के हत्थे

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशों पर गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। जांच में सामने आया कि घटना में भरत थापा के अलावा 4 अन्य लोग शामिल थे और उन्होंने हरियाणा (HR) नंबर की अर्टिका कार का इस्तेमाल किया था।

6 अक्टूबर की रात पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर अभियुक्त दिनेश सुनार को अर्टिका कार (HR 55 BB 1055) के साथ धर दबोचा।

टैक्सी चलाने की आड़ में करते थे रैकी और वारदात

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त दिनेश सुनार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह मूल रूप से नेपाल का निवासी है और दिल्ली में टैक्सी चलाता है। गैंग के सदस्य पहले घरों में नौकर बनकर काम करते थे और अच्छे से रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम देते थे। दिनेश अपनी टैक्सी से साथियों को लाने-ले जाने का काम करता था और इसके बदले चोरी के माल में से हिस्सा लेता था। बसंत विहार की घटना के बाद साथियों ने उसे 50,000 रुपये नकद दिए थे।

बरामदगी:

  • नकदी: 27,500/- रुपये

  • मोबाइल फोन: 2 (एक आईफोन और एक रेडमी)

  • वाहन: अर्टिका कार (HR55 BB1055 – सफेद रंग)

गिरफ्तार अभियुक्त:

  • दिनेश सुनार (उम्र 27 वर्ष), निवासी- पर्यावरण कॉम्प्लेक्स, बालाजी अपार्टमेंट, दिल्ली (मूल निवासी: नेपाल)।

वांछित (फरार) अभियुक्त:

  1. भरत थापा (मुख्य आरोपी/नौकर), निवासी- जनकपुरी, नई दिल्ली (मूल निवासी: नेपाल)

  2. आदित्य (नेपाली मूल)

  3. अभिषेक (नेपाली मूल)

  4. एलेक्स (नेपाली मूल)

पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार चल रहे चारों नेपाली मूल के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली और अन्य राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *