रुद्रप्रयाग: चीरबासा में फिर गिरे पहाड़ से पत्थर, 19 वर्षीय घोड़ा संचालक गंभीर घायल; केदारनाथ यात्रा प्रभावित

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम पैदल यात्रा मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक घोड़ा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्र की टीमों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल को गौरीकुंड अस्पताल पहुंचाया। घायल की पहचान आसू (19) पुत्र चौहान सिंह, निवासी सिलकोट, गैरसैंण के रूप में हुई है।

चीरबासा हेलीपैड के पास केदारनाथ से लौटने वाले मार्ग पर रविवार देर शाम खराब मौसम और पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण आवाजाही रोक दी गई थी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें रास्ते के अलग-अलग पड़ावों पर सुरक्षित रोका गया। सोमवार सुबह मौसम में सुधार और पत्थर गिरने की स्थिति थमने के बाद सुरक्षा मानकों के तहत श्रद्धालुओं को इस संवेदनशील हिस्से से सुरक्षित पार कराया गया।

मौके पर SDRF समेत कई टीमें तैनात

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, चीरबासा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए यहां निगरानी के लिए रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं। मौके पर एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, वाईएमएफ, आपदा मित्र और पुलिस की टीमें यात्रियों की सुरक्षा में लगी हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित पार कराने के बाद लोक निर्माण विभाग ने मार्ग पर गिरे पत्थरों और मलबे को हटाने तथा सफाई का काम शुरू कर दिया है। मार्ग पर सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल सोनप्रयाग में केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को रोका गया है। अधिकारियों के मुताबिक, रास्ता पूरी तरह सुरक्षित और सुचारु होने के बाद ही यात्रा को सामान्य रूप से संचालित किया जाएगा।

एक दिन पहले भी पत्थर की चपेट में आए थे श्रद्धालु

चीरबासा क्षेत्र में यह लगातार दूसरा गंभीर हादसा है। इससे एक दिन पहले इसी इलाके में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से पठाली गांव निवासी मोहन तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई थी।लगातार हो रही पत्थरबाजी और पहाड़ी की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन यात्रियों की आवाजाही को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *