
देहरादून: उत्तराखंड में मंत्रीमंडल का विस्तार किया गया है, जिसमें क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की कोशिश साफ तौर पर देखने को मिली है। इस विस्तार में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों को खास तवज्जो दी गई है।मंत्रीमंडल विस्तार में देहरादून की राजपुर रोड सीट से विधायक खजान दास को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई है। खजान दास इससे पहले भी दो बार मंत्री रह चुके हैं, जिससे उनके अनुभव का फायदा सरकार को मिलने की उम्मीद है।
हरिद्वार जिले से भी मजबूत प्रतिनिधित्व देखने को मिला है। हरिद्वार शहर से विधायक मदन कौशिक, जो पहले भी कई बार मंत्री रह चुके हैं और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं, उन्हें फिर से मंत्री बनाया गया है। वहीं रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा को पहली बार मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है।
नैनीताल जिले के भीमताल से विधायक राम सिंह कैड़ा को भी मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही रुद्रप्रयाग से विधायक भारत सिंह चौधरी को भी पहली बार मंत्रीमंडल में शामिल किया गया है।

